निबंध, कविता, गीत, शेरो-शायरी, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
वसई: संत गोन्सालो गार्सिया महाविद्यालय के हिंदी विभाग की ओर से आयोजित हिंदी सप्ताह विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए हिंदी निबंध लेखन, स्वरचित कविता, कविता-पाठ, शेरो-शायरी, गीत गायन, शुद्धलेखन, सुंदर हस्तलेखन, भारतीय वेशभूषा और नृत्य कला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस दौरान पर्यावरण सुरक्षा और नशे की आदतों के दुष्परिणाम विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें 200 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
हिंदी दिवस पर विशेष कार्यक्रम
28 सितंबर को हिंदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोमनाथ विभुते रहे। इस अवसर पर हिंदी साहित्य मंडल की अध्यक्ष एश्विता मेहेर और कार्याध्यक्ष रूपाली पंडित भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रेरणागीत ‘हम होंगे कामयाब’ से हुई। छात्रा शाम्भवी मिश्रा ने हिंदी गीत प्रस्तुत किया, जबकि नेहा राठोड ने कविता प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।
हिंदी विभाग प्रमुख डॉ. रामदास तोंडे ने कार्यक्रम का प्रास्ताविक किया। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. विभुते ने हिंदी भाषा की वैश्विक उपस्थिति, साहित्यिक समृद्धि तथा सूचना प्रौद्योगिकी और सोशल मीडिया में हिंदी के बढ़ते उपयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिंदी विभाग की गतिविधियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के प्रयासों की प्रशंसा की।
‘बीज’ भित्तिपत्रिका का प्रकाशन
कार्यक्रम के दौरान हिंदी विभाग की भित्तिपत्रिका ‘बीज’ का प्रकाशन किया गया। वहीं भाग्यश्री धोंडे और कोमल गौतम की रंगोली ने भी उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिताओं में विजेता और सहभागी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रामदास तोंडे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रा. रेखा झा ने किया। कार्यक्रम में ग्रंथपाल डॉ. चैतन्य वीर, डॉ. अनिल सोनावणे, प्रा. इरमिया थाटू, डॉ. दिनेश काळे सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक ‘तृप्ति प्रमाण’




