करोड़ों खर्च के बावजूद स्वच्छता सर्वेक्षण से बाहर हुई वसई-विरार मनपा, व्यवस्था पर उठे सवाल |

Share:

नगरसेवक किशोर पाटील ने प्रशासन को घेरा; अधिकारियों और ठेकेदारों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग

वसई-विरार : मुंबई से सटे वसई-विरार शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर महानगरपालिका प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद महानगरपालिका इस वर्ष स्वच्छता सर्वेक्षण की प्रतियोगिता से बाहर हो गई है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष मनपा ने सर्वेक्षण में 25वां स्थान हासिल किया था।

शहर में कचरा संकलन, बायोमाइनिंग, नालों की सफाई और मच्छर नियंत्रण जैसे कार्यों पर बड़े पैमाने पर बजट खर्च किया जाता है। इसके बावजूद सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर दिखाई देने तथा सफाई व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। पर्याप्त कर्मचारियों की कमी और प्रशासनिक नियंत्रण की कमजोरी को भी इसकी वजह बताया जा रहा है।

आरटीआई के जरिए मांगी थी शौचालय सफाई की जानकारी

नगरसेवक किशोर पाटील ने इस मुद्दे पर महानगरपालिका प्रशासन को घेरते हुए बताया कि उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की सफाई से संबंधित जानकारी सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी थी।

उनका आरोप है कि तत्कालीन उपायुक्त ने मांगी गई जानकारी पर संतोषजनक जवाब देने के बजाय गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाया।

अधिकारियों और ठेकेदारों की जांच की मांग

किशोर पाटील ने इस स्थिति को करदाताओं के साथ विश्वासघात बताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने स्वच्छता से जुड़े कार्यों में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है।

करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद स्वच्छता सर्वेक्षण में मनपा के बाहर होने को लेकर अब प्रशासन की कार्यप्रणाली और खर्च की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।

Share: