तुळींज पुलिस स्टेशन के सामने ट्रैफिक जाम से नागरिक परेशान, स्थानांतरण की मांग तेज |

Share:

पुलिस स्टेशन और रेलवे स्टेशन के कारण वाहनों का दबाव; निजी बस की टक्कर से बाल-बाल बचा डिलीवरी कर्मचारी

वसई-विरार : नालासोपारा पूर्व स्थित तुळींज पुलिस स्टेशन के सामने रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर पुलिस स्टेशन और दूसरी ओर रेलवे स्टेशन होने के कारण इस क्षेत्र में वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। आचोले, महामार्ग और विरार की ओर जाने वाले रास्ते भी इसी परिसर से गुजरते हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात बाधित होता है और दोपहिया तथा तिपहिया वाहन चालकों को जोखिम उठाना पड़ता है।

बुधवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस स्टेशन के सामने एक निजी बस ने दोपहिया वाहन से जा रहे डिलीवरी कर्मचारी को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि कर्मचारी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने बस चालक और दोपहिया वाहन चालक से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।

वर्षों से लंबित है पुलिस स्टेशन के स्थानांतरण की मांग

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तुळींज पुलिस स्टेशन का मौजूदा स्थान यातायात की दृष्टि से बेहद असुविधाजनक है। पुलिस स्टेशन को किसी अन्य उपयुक्त और पर्याप्त जगह पर स्थानांतरित करने की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।

स्थायी समाधान की मांग

नागरिकों ने मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय और महानगरपालिका प्रशासन से क्षेत्र की यातायात समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। साथ ही पुलिस स्टेशन के स्थानांतरण पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि मौजूदा स्थान पर वाहनों का दबाव कम करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए प्रशासन को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।

Share: