बोईसर नवरंग-2026 को लेकर तैयारियां तेज, 5 हजार से अधिक गरबा प्रेमियों के लिए होगा भव्य आयोजन |

Share:

पत्रकार परिषद में आयोजन समिति ने साझा की रूपरेखा; लाइव ऑर्केस्ट्रा, इनडोर गरबा और फूड जोन रहेंगे आकर्षण का केंद्र

बोईसर (पालघर)। औद्योगिक नगरी बोईसर में शारदीय नवरात्रोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘बोईसर नवरंग-2026’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। नवरंग फाउंडेशन, बोईसर की ओर से आयोजित किए जा रहे इस गरबा महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

आयोजन को लेकर 4 अक्टूबर 2026 को बोईसर स्थित न्यू सरोवर रेजिडेंसी के सभागृह में पत्रकार परिषद आयोजित की गई। इस दौरान आयोजन समिति ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी साझा की।

आयोजकों के मुताबिक, बोईसर के सर्कस ग्राउंड में होने वाले इस भव्य इनडोर गरबा आयोजन में एक साथ 5 हजार से अधिक युवक-युवतियों के गरबा खेलने की व्यवस्था की जा रही है।

कार्यक्रम में लाइव ऑर्केस्ट्रा, इनडोर गरबा, लकड़ी का विशेष मंच, स्टेडियम शैली की बैठक व्यवस्था, फूड जोन और प्रतिदिन पुरस्कार सहित कई आकर्षण शामिल किए जाएंगे।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान

पत्रकार परिषद के दौरान सुरक्षा, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। आयोजन समिति के अनुसार, पुलिस प्रशासन के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा स्वयंसेवकों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, मोबाइल प्रसाधन गृह और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था की भी तैयारी की जा रही है।

गरबा प्रेमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पास उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

नवरंग फाउंडेशन की टीम संभालेगी जिम्मेदारी

‘बोईसर नवरंग-2026’ के आयोजन में नवरंग फाउंडेशन की पूरी टीम सक्रिय रूप से काम कर रही है।

आयोजन समिति में संस्थापक प्रभाकर राऊल, अध्यक्ष निलम संखे, कार्याध्यक्ष संजय पाटील, सरचिटणीस अशोक वडे, उपाध्यक्ष सचिन लोखंडे, समीर मोरे और मनोज अधिकारी, खजिनदार अल्पेश मोरे, सचिव चंद्रकांत जाधव, सभासद-सदस्य अतुल देसाई तथा सह खजिनदार देवेश देशमुख शामिल हैं।

इसके अलावा प्रशांत राऊत, प्रशांत संखे, दिनेश घडे, शुभम वडे, राम नायकुडे, आशिष ठाकूर, आशिष संखे, गणेश संखे और सुनिकेत पाटील भी आयोजन की तैयारियों में सदस्य के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

अतिवृष्टि और सूखे से प्रभावित लोगों के लिए सहायता

आयोजक मंडल ने बताया कि ‘बोईसर नवरंग-2026’ का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित और भव्य गरबा उत्सव का अनुभव प्रदान करना है।

आयोजन समिति ने यह भी बताया कि कार्यक्रम के बाद बचने वाली राशि को महाराष्ट्र में अतिवृष्टि और सूखे से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए दान करने का निर्णय लिया गया है।

आयोजन समिति ने बोईसर और आसपास के सभी गरबा प्रेमियों से बड़ी संख्या में सहभागी होकर ‘बोईसर नवरंग-2026’ को सफल बनाने की अपील की है।

रिपोर्ट: पराग यादव
बोईसर, पालघर

Share: