संकट में जरूरतमंद परिवारों का सहारा बने डॉ. आशीष तिवारी |

Share:

सूरज मिश्रा के परिवार को 51 हजार की आर्थिक मदद, घर में लगवाया इन्वर्टर; बीमार सुनीता के इलाज में भी बढ़ाया मदद का हाथ

सुलतानपुर। लंभुआ विधानसभा क्षेत्र में आर्थिक संकट और बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. आशीष तिवारी आगे आए हैं। बेलाही गांव में सूरज मिश्रा के निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को उन्होंने आर्थिक सहायता देने के साथ घर में इन्वर्टर भी लगवाया। वहीं चांदा क्षेत्र की ईसीपुर (अरजो) मुसहर बस्ती में बीमार महिला सुनीता के इलाज के लिए भी आर्थिक सहयोग पहुंचाया गया।

बेलाही निवासी सूरज मिश्रा का बीमारी के चलते निधन हो गया था। परिवार के कमाऊ सदस्य के निधन के बाद रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर डॉ. आशीष तिवारी पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे और 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

इसके साथ ही उन्होंने परिवार के घर में इन्वर्टर लगवाया और 10 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी।

इसी क्रम में चांदा क्षेत्र के ग्राम सभा ईसीपुर (अरजो) की मुसहर बस्ती में रामदीन मुसहर की पत्नी सुनीता के बीमार होने और जिला अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर भी सहायता पहुंचाई गई। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए इलाज के दौरान राहत देने के लिए 5 हजार रुपये की आर्थिक मदद की गई।

बताया जाता है कि इसी बस्ती में इससे पहले जेठू मुसहर की माता के निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया था। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद परिवार ने किसी तरह अंतिम संस्कार और तेरहवीं की रस्म पूरी की थी, जिसके लिए उसे कर्ज तक लेना पड़ा। तेरहवीं के बाद परिवार पर आर्थिक बोझ और बढ़ गया था। परिवार की स्थिति सामने आने के बाद उसे 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी।

डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि बीमारी, मृत्यु या आर्थिक संकट जैसी परिस्थितियों में किसी जरूरतमंद परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब जरूरत के समय किसी के काम आया जा सके। उनके अनुसार, सेवार्थम फाउंडेशन सेवा, सहयोग और मानवता के संकल्प के साथ जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा है।

डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की परिस्थितियों को देखते हुए संस्था की ओर से आगे भी हरसंभव सहयोग जारी रखा जाएगा।

मदद मिलने पर दोनों परिवारों ने डॉ. आशीष तिवारी और सेवार्थम फाउंडेशन के प्रति आभार जताया। स्थानीय लोगों ने भी जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जा रही सहायता की सराहना की।

Share: