कार्रवाई से नाराज दुकानदार ने पेट्रोल छिड़ककर दुकान में आग लगाने की दी धमकी, मौके पर बना तनावपूर्ण माहौल
वसई-विरार। प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री के खिलाफ वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने शुक्रवार को वसई पूर्व के धुमाल नगर इलाके में बड़ी कार्रवाई की। मनपा की टीम ने दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर करीब 3 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की। साथ ही, संबंधित व्यापारियों के खिलाफ नियमानुसार आर्थिक दंड भी लगाया गया।
यह कार्रवाई मनपा आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी., अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवडे और उपायुक्त अर्चना दिवे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व मुख्य आरोग्य निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी तथा प्रभाग समिति क्रमांक 9 के अधिकारी अविनाश गुंजालकर ने किया। कार्रवाई में आरोग्य निरीक्षक नितिन म्हात्रे, संदेश जाधव, यतिन डगे, आशीष पस्टे सहित 17 कर्मचारी शामिल थे।
मनपा की टीम ने धुमाल नगर स्थित अंबिका इंटरप्राइजेज और चामुंडा स्टेशनरी एंड पैकेजिंग की जांच की। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री बरामद हुई, जिसे अधिकारियों ने जब्त कर लिया।
कार्रवाई से नाराज दुकानदार ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की धमकी दी
कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार कथित तौर पर मनपा की कार्रवाई से नाराज हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, वह एक सीसी में पेट्रोल लेकर आया और दुकान के अंदर छिड़क दिया। इसके बाद उसने कथित तौर पर कहा, “बर्बाद होने से अच्छा है कि दुकान में ही आग लगा दें।”
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मनपा कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता बरती और उसे रोकने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने पुलिस कार्रवाई की चेतावनी देते हुए स्थानीय पुलिस को भी घटना की सूचना दी। इस घटनाक्रम के चलते मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मनपा की इस कार्रवाई में करीब 3 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त किए जाने के साथ दुकानदार की कथित धमकी का मामला भी चर्चा में रहा।




