मीरगंज में भद्रसेन गंगवार ने पेश की दावेदारी, बोले- स्थानीय व्यक्ति ही संभालेगा क्षेत्र की बागडोर |

Share:

पत्रकार सम्मान समारोह में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने बाहरी प्रत्याशियों पर साधा निशाना; सपा विधानसभा अध्यक्ष सुरेश गंगवार और महासचिव शिवम सक्सेना ने किया समर्थन

मीरगंज (बरेली): 119 मीरगंज विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में स्थानीय बनाम बाहरी प्रत्याशी का मुद्दा चर्चा में आ गया है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य भद्रसेन गंगवार के आह्वान पर मीरगंज स्थित सपा कार्यालय में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र से पहुंचे पत्रकारों को अंगवस्त्र और सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए भद्रसेन गंगवार ने मीरगंज विधानसभा क्षेत्र से अपनी राजनीतिक दावेदारी का संकेत देते हुए स्थानीय नेतृत्व का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा, “मैं मीरगंज की ही माटी में जन्मा हूं और हर घड़ी, हर सुख-दुख में आपकी सेवा के लिए समर्पित रहा हूं। मीरगंज की जनता मेरी अपनी है और मैं आपके बीच का ही व्यक्ति हूं। इस बार 119 मीरगंज विधानसभा की जनता ने मन बना लिया है कि यहां का प्रतिनिधित्व इसी क्षेत्र का स्थानीय बेटा ही करेगा।”

बाहरी प्रत्याशियों को लेकर उठाए सवाल

भद्रसेन गंगवार ने दूसरे विधानसभा क्षेत्रों से आकर मीरगंज में दावेदारी करने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग अपनी मूल विधानसभा का विकास नहीं कर सके, वे मीरगंज का क्या भला करेंगे? उन्होंने दावा किया कि बाहरी नेताओं की यहां दाल नहीं गलेगी और मीरगंज का विकास तथा मान-सम्मान स्थानीय जनसेवक ही सुरक्षित रख सकता है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जनता की सेवा ही उनका धर्म है और जनता का आशीर्वाद ही उनकी ताकत है।

सुरेश गंगवार और शिवम सक्सेना का समर्थन

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के संगठन की ओर से भी भद्रसेन गंगवार को समर्थन मिला। विधानसभा अध्यक्ष सुरेश गंगवार और विधानसभा महासचिव शिवम सक्सेना ने उनकी दावेदारी का खुलकर समर्थन किया।

दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि भद्रसेन गंगवार हमेशा गरीबों, किसानों और आम जनता के मुद्दों को उठाते रहे हैं और संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

पत्रकारों का सम्मान, दीपावली और धनतेरस की शुभकामनाएं

समारोह के दौरान भद्रसेन गंगवार ने क्षेत्र के पत्रकारों को अंगवस्त्र और सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने मीरगंज क्षेत्रवासियों, सपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को दीपावली एवं धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रमुख पत्रकार लादेन मंसूरी, अफसार खान, सोनू गुप्ता, शरीफ हुसैन, राजेश शर्मा सहित अनेक पत्रकार, गणमान्य नागरिक और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: