श्रीरामनगर में रामजन्म का भव्य मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पूरा परिसर |

Share:

25वें वर्ष आयोजित रामलीला के दूसरे दिन रावण के अत्याचार, भगवान राम का जन्म, विश्वामित्र आगमन और ताड़का वध का हुआ मंचन

नालासोपारा। श्रीरामनगर रामलीला मंडल की ओर से श्रीरामनगर में आयोजित 25वें वर्ष की रामलीला के दूसरे दिन शुक्रवार को भगवान श्रीराम के जन्म का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया और चारों ओर जय श्रीराम के जयकारे गूंजने लगे। कलाकारों ने रावण के अत्याचार, भगवान राम के अवतरण, राजर्षि विश्वामित्र द्वारा राजा दशरथ से राम-लक्ष्मण को मांगने और ताड़का वध जैसे प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया।

लीला की शुरुआत रावण के बढ़ते अत्याचारों और धरती पर व्याप्त अराजकता के प्रसंग से हुई। रावण के आतंक से परेशान पृथ्वी की पीड़ा देखकर देवी-देवता व्याकुल हो उठते हैं। धर्म की रक्षा और अधर्म के विनाश के लिए राजा दशरथ द्वारा भगवान विष्णु के आवाहन हेतु अखंड जप का आयोजन किया जाता है। इसके फलस्वरूप भगवान विष्णु राजा दशरथ के घर श्रीराम के रूप में अवतार लेते हैं।

रामजन्म के प्रसंग के मंचन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ‘जाकर नाम सुनत सुभ होई, मोरे गृह आवा प्रभु सोई’ की चौपाई के साथ पूरा परिसर राममय हो गया। भक्तों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशियां मनाईं।

इसके बाद राजर्षि विश्वामित्र राजा दशरथ के दरबार में पहुंचते हैं और अपने यज्ञ की रक्षा के लिए राम और लक्ष्मण को साथ ले जाने की मांग करते हैं। गुरु की आज्ञा पर दोनों राजकुमार उनके साथ प्रस्थान करते हैं। आगे ताड़का द्वारा ऋषि-मुनियों के तप में बाधा डालने और उन्हें परेशान करने का प्रसंग दिखाया गया। विश्वामित्र के आदेश पर भगवान राम ताड़का का वध कर ऋषि-मुनियों को भयमुक्त करते हैं। इसके बाद राम और मारीच के बीच युद्ध का मंचन हुआ, जिसमें राम के बाण से मारीच दूर जा गिरता है।

रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और उन्होंने कलाकारों के अभिनय की सराहना की।

स्थानीय कलाकारों को मंच देने और संस्कृति-परंपरा जीवित रखने का उद्देश्य

श्रीरामनगर रामलीला मंडल के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि करीब 24 वर्ष पहले रामलीला शुरू करने का मुख्य उद्देश्य उत्तर भारत से रोजगार की तलाश में इस क्षेत्र में आकर बसे लाखों लोगों को अपनी संस्कृति, संस्कार और परंपराओं से जोड़े रखना था। साथ ही स्थानीय लोगों को उत्तर भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराना भी इस आयोजन का उद्देश्य रहा है।

उन्होंने बताया कि रामलीला की एक विशेष परंपरा यह भी है कि शुरुआत से ही इसका उद्घाटन महाराष्ट्र के लोकनेता हितेंद्र ठाकुर के हाथों होता आ रहा है। इस वर्ष भी उन्होंने ही उद्घाटन किया।

मंडल की एक अन्य खासियत यह है कि रामलीला के सभी पात्र स्थानीय कलाकार होते हैं। किसी भी भूमिका के लिए बाहर से कलाकार नहीं बुलाए जाते। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलने के साथ सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: