सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आए नेटवर्क के आधार पर कार्रवाई; कई अवैध सट्टा पैनल ध्वस्त, मोबाइल और डिजिटल उपकरण जब्त
नई दिल्ली। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े पैनल संचालकों के ठिकानों पर की गई। जांच के दौरान कई स्थानों पर सक्रिय ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल मिलने के बाद उन्हें ध्वस्त कर दिया गया।
सीबीआई के अनुसार, यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटर और मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर की गई। चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान एजेंसी को भारत में सक्रिय पैनल ऑपरेटरों और पूरे नेटवर्क की कार्यप्रणाली से जुड़ी अहम जानकारियां मिलीं।
मोबाइल, डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त
छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में ऐसे बैंक खातों के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं, जिन्हें कथित तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाया गया था या किराये पर लिया गया था।
जांच के अनुसार, इन खातों के माध्यम से सट्टेबाजी की रकम एकत्र की जाती थी और कथित तौर पर हवाला नेटवर्क के जरिए मुनाफा विदेश भेजा जाता था।
विदेश से संचालन, भारत में पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि इस प्लेटफॉर्म का मुख्य संचालन विदेश से किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। ये ऑपरेटर ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराने, सट्टे की रकम जुटाने और लेनदेन का प्रबंधन करने का काम करते थे।
सीबीआई ने इस मामले में छत्तीसगढ़ सरकार से जांच हस्तांतरित होने के बाद दो एफआईआर दर्ज की थीं। एजेंसी अब विदेशों में मौजूद आरोपियों, नेटवर्क को सहायता देने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।
सौरभ चंद्राकर न्यायिक हिरासत में
गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
बैंक खाता और सिम किराये पर देने वालों को चेतावनी
सीबीआई ने आम नागरिकों को चेतावनी दी है कि अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को देना अथवा किराये पर उपलब्ध कराना भी आपराधिक कार्रवाई का कारण बन सकता है।
महादेव बेटिंग ऐप मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेनदेन को लेकर भी नए खुलासे हो सकते हैं।
रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण


