मौलाना अबुल कलाम आजाद के शैक्षिक मिशन को आगे बढ़ाना जरूरी: राशिद खान |

Share:

एनसीपी अल्पसंख्यक विभाग के मुंबई अध्यक्ष राशिद खान के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस का आयोजन

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के मुंबई अल्पसंख्यक विभाग की ओर से महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात शिक्षाविद् और देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती एवं राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मुंबई अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष राशिद खान के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में मौलाना आजाद के शैक्षिक विचारों, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को याद किया गया। इस अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की तरक्की और खुशहाली की बुनियाद है। मौलाना आजाद के शैक्षिक विचार और उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं।

शिक्षा के प्रसार पर दिया जोर

इस अवसर पर राशिद खान ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद ने देश में शिक्षा के प्रसार और शैक्षिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जो योगदान दिया, उसे हमेशा याद रखा जाएगा। आज जरूरत इस बात की है कि उनके शैक्षिक मिशन को आगे बढ़ाते हुए समाज के हर वर्ग तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाई जाए।

पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मुबारक खान, प्रदेश महासचिव रविंद्र पवार, मुंबई ऑब्जर्वर बिलकिस शेख आपा, जावेद खान, निजाम शेख, डॉ. इमरान खान, मोहम्मद गौस सहित पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम का उद्देश्य मौलाना अबुल कलाम आजाद के विचारों और शिक्षा के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: