मुंबई के आग्रीपाड़ा में अवैध हथियारों के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, दो देसी पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूस बरामद |

Share:

गुप्त सूचना पर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई; के.के. मार्ग पर जाल बिछाकर संदिग्ध को पकड़ा, आग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज

मुंबई। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आग्रीपाड़ा इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो देसी बनावट की पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास इन हथियारों को रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।

गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया जाल

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को क्राइम ब्रांच की अपराध प्रकटीकरण शाखा, यूनिट-2 को एक गुप्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुंबई के आग्रीपाड़ा स्थित के.के. मार्ग पर कुछ व्यक्ति बिना वैध लाइसेंस के अग्निशस्त्र और जिंदा कारतूस लेकर आने वाले हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्काल संबंधित स्थान पर जाल बिछाया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियां करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।

तलाशी में दो देसी पिस्तौल और 19 कारतूस मिले

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के पास से दो देसी बनावट की पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।

फिलहाल मामले की आगे की जांच क्राइम ब्रांच यूनिट-2 कर रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्ण कांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (प्रकटीकरण) राज तिलक रौशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त डी-दक्षिण पडवळ के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक दिलीप तेजनकर, पुलिस निरीक्षक सुहास माने, पुलिस उपनिरीक्षक अजीम शेख, पुलिस उपनिरीक्षक घाटोळ तथा पुलिस दल के सावंत, परब, जाधवर और आव्हाड शामिल थे।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: