जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के तहत साकुर में स्वास्थ्य एवं पोषण जांच शिविर आयोजित |

Share:

77 माताओं और 21 बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच; कुपोषण की रोकथाम और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर

पालघर : भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के अवसर पर आदिवासी माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण, कुपोषण की रोकथाम तथा पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जव्हार तहसील के साकुर में विशेष स्वास्थ्य एवं पोषण जांच शिविर आयोजित किया गया। एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना, जव्हार के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साकुर में आयोजित इस शिविर में मातृ एवं बाल स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया।

शिविर में गर्भवती महिलाओं के साथ गंभीर तीव्र कुपोषित (SAM) और मध्यम तीव्र कुपोषित (MAM) बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। गैर-संचारी रोगों (NCD) की जांच के तहत कुल 77 माताओं और 21 बच्चों की जांच की गई।

संतुलित आहार और पोषण के प्रति किया जागरूक

स्वास्थ्य जांच के साथ लाभार्थियों को संतुलित आहार, उचित पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और माताओं एवं बच्चों की देखभाल के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। शिविर का उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों में कुपोषण की समय रहते पहचान करना और जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

शिविर में चिकित्सा अधिकारी, एएनएम, जीएनएम, आशा सेविका, आंगनवाड़ी सेविका, मुख्य सेविका, प्रयोगशाला तकनीशियन, फार्मासिस्ट, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, स्वास्थ्य सहायक सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस पहल के माध्यम से आदिवासी क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता और कुपोषण की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया।

Share: