वसई : न्यू इंग्लिश स्कूल, वसई की मुख्याध्यापिका श्रीमती शोभना वाझ 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने जा रही हैं। उनके लंबे शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उन्होंने वर्षों तक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह में डी फैक्टरी एवं डी सॉल्यूशन के निदेशक नितीन केशव म्हात्रे, पूर्व नगरसेवक मनीष वर्तक तथा समाज मंदिर ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी संदेश वर्तक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने शोभना वाझ के शैक्षणिक और सामाजिक कार्यों की सराहना की तथा उनके योगदान को याद करते हुए सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नितीन म्हात्रे ने अपेक्षा जताई कि सेवानिवृत्ति के बाद भी शोभना वाझ समाजप्रबोधन और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में अपना सहयोग जारी रखेंगी। उनकी इस अपील पर शोभना वाझ ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए भविष्य में सहयोग का आश्वासन दिया।
समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके भावी जीवन के सुखमय, स्वस्थ और सफल होने की कामना की। विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कार्यक्रम संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ राजेश कोरी, तृप्ति प्रमाण


