---Advertisement---

भुईगाव तट पर मृत समुद्री जीव मिलने से हलचल, वन विभाग ने कराया दफन |

---Advertisement---

📍वसई | तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक
संवाददाता: साहिल यादव

वसई पश्चिम स्थित भुईगाव समुद्र तट पर शनिवार दोपहर एक मृत डॉल्फिन पाए जाने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। करीब चार फीट लंबे इस समुद्री जीव को देखने के लिए आसपास के लोग तट की ओर जुट गए।

भुईगाव बीच पर्यटन के लिहाज से प्रसिद्ध स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में सैलानी और स्थानीय नागरिक सैर के लिए पहुंचते हैं। शनिवार को भी कुछ लोग टहलने आए थे, तभी उनकी नजर रेत पर पड़े मृत डॉल्फिन पर पड़ी।

घटना की जानकारी तुरंत कांदळवन वन विभाग तथा वसई पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बताया जा रहा है कि डॉल्फिन की लंबाई लगभग चार फीट थी और अनुमान है कि उसकी मृत्यु चार से पांच दिन पहले हुई होगी। शरीर काफी सड़ चुका था, जिसके कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वह नर था या मादा।

स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने जेसीबी मशीन की सहायता से तट पर ही गड्ढा खोदकर मृत डॉल्फिन को दफना दिया, ताकि आसपास दुर्गंध न फैले और स्वच्छता बनी रहे। स्थानीय निवासी विकास वझे ने बताया कि समय रहते निपटारा करना आवश्यक था, अन्यथा इलाके में बदबू फैल सकती थी।

फिलहाल डॉल्फिन की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटाने में लगा है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh