श्रावण मास में सेवा शिविर का आयोजन
पालघर के बोईसर पूर्व में श्रावण मास के पावन अवसर पर हिंदू जनजागृति संस्था द्वारा हर साल की तरह इस वर्ष भी कांवड़ यात्रियों के लिए विशाल सेवा शिविर लगाया गया। बोईसर से सूर्या नदी की ओर पवित्र जल लेने जा रहे सैकड़ों कांवड़ियों का संस्था के कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें अल्पाहार तथा शीतल पेयजल वितरित किया।
श्रद्धा, समर्पण और अनुशासन का दिखा अनूठा उदाहरण
शिविर में सुबह से ही कांवड़ यात्रियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। संस्था के स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने पूरे अनुशासन के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की। कांवड़ियों के विश्राम और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया ताकि लंबी पैदल यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
समाज और धार्मिक सेवा के लिए प्रतिबद्ध संस्था
कार्यक्रम में तुलसी छीपा, अमित कुमार सिंह, हिम्मत जैन, विकास गुप्ता, संजय यादव, मोहित मेहता और सोनू यादव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना ही भगवान शिव की सच्ची पूजा है। वहीं, राहत मिलने पर श्रद्धालुओं ने भी संस्था के इस निस्वार्थ प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
संवाददाता: पराग यादव (पालघर)