---Advertisement---

मुझे बदनाम करने की कोशिश हुई, लेकिन मैं झुकने वाला नहीं” – राजपाल यादव का पलटवार |

---Advertisement---

फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल से रिहा होने और पारिवारिक समारोह में शामिल होने के बाद शनिवार, 28 फरवरी को अपने अधिवक्ता भास्कर उपाध्याय के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने चेक बाउंस से जुड़े मामले पर विस्तार से अपनी बात रखी और खुद पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया। अभिनेता ने जानकारी दी कि वर्ष 2010 में निर्देशित उनकी फिल्म ‘अता पता लापता’ में व्यवसायी माधव गोपाल अग्रवाल द्वारा लगभग पांच करोड़ रुपये का निवेश किया गया था। उनके वकील के अनुसार, समय के साथ इस राशि पर ब्याज जोड़ा गया, जिससे देनदारी करीब 10.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। वकील भास्कर उपाध्याय ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता का उद्देश्य केवल धन वसूली नहीं, बल्कि अभिनेता को जेल भेजना था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में जब राजपाल यादव ने अदालत में जमानत राशि जमा कर दी थी और संपत्ति के दस्तावेज देने की भी पेशकश की थी, तब भी शिकायतकर्ता ने उसे स्वीकार नहीं किया। यदि उस समय प्रस्ताव मान लिया जाता तो मामला उसी वर्ष समाप्त हो सकता था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजपाल यादव ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में कई निर्माताओं के कठिन समय में बिना पारिश्रमिक काम किया है। उनका कहना था कि प्रोडक्शन हाउस स्थापित करने का उद्देश्य नए और छोटे शहरों से आने वाले प्रतिभाशाली कलाकारों को अवसर देना था। उन्होंने अपने गांव के विकास कार्यों में भी सहयोग देने की बात दोहराई। आर्थिक स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता ने दावा किया कि आने वाले सात वर्षों के लिए उनके पास ब्रांडिंग और अन्य परियोजनाओं से जुड़ा लगभग 1200 करोड़ रुपये का कार्य निर्धारित है। उन्होंने बताया कि उनके पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स के करार हैं, जिनमें कुछ में उनकी हिस्सेदारी भी शामिल है। साथ ही लगभग दस फिल्मों की योजना भी कतार में है। इस दौरान उन्होंने प्रशंसकों और आम लोगों से मिली आर्थिक सहायता का भी उल्लेख किया। राजपाल यादव ने कहा कि बीते दिनों उन्हें बच्चों की गुल्लक से लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से करीब एक करोड़ रुपये तक की मदद मिली। उन्होंने सभी समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि वे सम्मानपूर्वक यह धन वापस लौटाएंगे। भावुक अंदाज में उन्होंने कहा, “मैं मेहनतकश इंसान हूं। हालात चाहे जैसे हों, मैं पीछे हटने वाला नहीं। मुझे लोगों की दुआओं की जरूरत है और मैं पूरी निष्ठा से काम करता रहूंगा।” इस प्रेस वार्ता के बाद अभिनेता और शिकायतकर्ता के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फिलहाल मामला न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।

तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक

संवाददाता: साहिल यादव |

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh