---Advertisement---

वसई–विरार में जाम से जनता बेहाल, अवैध अतिक्रमण हटाने की उठी तेज मांग |

---Advertisement---

वसई–विरार शहर में ट्रैफिक की समस्या लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है। रेलवे स्टेशन के आसपास और प्रमुख मार्गों पर अव्यवस्थित फेरीवालों की भीड़ तथा गलत तरीके से खड़े ऑटो रिक्शाओं के कारण प्रतिदिन लंबा जाम लग रहा है। हालात ऐसे बन जाते हैं कि शाम के समय एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं को भी रास्ता मिलने में कठिनाई होती है। न्यायालय के निर्देशों के अनुसार स्टेशन क्षेत्र के 150 मीटर के दायरे में फेरी गतिविधियों पर रोक आवश्यक है, लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस दिशा में ठोस और नियमित कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। परिणामस्वरूप यातायात व्यवस्था दिन-ब-दिन प्रभावित हो रही है। इसी गंभीर मुद्दे को लेकर रविवार को वसई–विरार शहर महानगरपालिका के मुख्यालय पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। प्रदर्शन के समय उपस्थित सहायक आयुक्त निलेश म्हात्रे ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अब शहरवासियों की निगाहें प्रशासनिक कदमों पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस बढ़ती जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक

संवाददाता: साहिल यादव

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh