वसई-विरार शहर महानगरपालिका की स्थायी समिति को नया नेतृत्व मिल गया है। बहुजन विकास आघाड़ी के वरिष्ठ नेता प्रवीण शेट्टी को स्थायी समिति के सभापति पद के लिए निर्विरोध चुना गया। इस चयन के बाद मनपा के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, इस पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से निलेश चौधरी ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया था। हालांकि बाद में उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके चलते प्रवीण शेट्टी का रास्ता साफ हो गया और उनका चयन बिना किसी मुकाबले के हो गया। पूरी चुनाव प्रक्रिया पालघर की जिलाधिकारी डॉ. इंदुरानी जाखड़ की निगरानी और अध्यक्षता में शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई। अधिकारियों की मौजूदगी में सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए प्रवीण शेट्टी को स्थायी समिति का नया सभापति घोषित किया गया। स्थायी समिति को महानगरपालिका के महत्वपूर्ण निर्णयों और वित्तीय मामलों में अहम भूमिका निभाने वाली संस्था माना जाता है। ऐसे में नए सभापति के चयन के बाद विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
संवाददाता: साहिल यादव | तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक