वसई-विरार क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और नशे के कारोबार को लेकर विधानसभा में उठी आवाज के बाद राज्य सरकार हरकत में आ गई है। वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित द्वारा उठाए गए मुद्दों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक कई विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। विशेष रूप से, दर्जनों नाइजीरियाई नागरिकों को देश से बाहर भेजा गया है, जबकि बड़ी संख्या में संदिग्ध लोगों को हिरासत केंद्रों में रखा गया है। जिन विदेशी नागरिकों का वीजा समाप्त हो चुका है, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर कोई मकान मालिक अवैध रूप से विदेशी नागरिकों को अपने यहां ठहराता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। विधायक पंडित ने क्षेत्र के कुछ पबों में नियमों की अनदेखी और ड्रग्स से जुड़े मामलों पर भी चिंता जताई। इस पर सरकार ने संकेत दिए हैं कि बार-बार नियम तोड़ने वाले पब और बार के लाइसेंस रद्द करने के लिए कानूनी प्रावधानों को और कड़ा किया जा सकता है। इसके अलावा, आचोले और तुलींज जैसे इलाकों में सक्रिय आदतन अपराधियों पर मकोका के तहत कार्रवाई तेज करने और उन्हें क्षेत्र से बाहर करने की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी। सरकार ने साफ किया है कि वसई-विरार में बढ़ते अपराध, नशे के नेटवर्क और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए अब सख्त और निर्णायक कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
संवाददाता: साहिल यादव