बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर तेज हुई सियासी चर्चा, JDU नेताओं का CM आवास पर आयोजित हुआ महत्वपूर्ण बैठक |

Share:

पटना | तृप्ति प्रमाण ब्यूरो विनोद प्रसाद |
बिहार की राजनीति में इन दिनों नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने की प्रक्रिया के बाद अब राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार और नई व्यवस्था को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई। करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। बैठक एजेंडे में नए मंत्रिमंडल की संरचना, संभावित फेरबदल और युवा प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जनता दल यूनाइटेड सरकार में नई ऊर्जा और जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से युवा नेताओं को अधिक जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहा है। साथ ही, पार्टी संगठन और सरकार के बीच समन्वय को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी पटना में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाने की जानकारी है। इस बैठक में बिहार प्रभारी विनोद तावड़े की उपस्थिति संभावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक में मुख्यमंत्री पद और नई सरकार के गठन से जुड़ी रणनीतियों पर चर्चा होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का वर्तमान साझा फॉर्मूला जारी रहने की संभावना है। इस स्थिति में जनता दल यूनाइटेड को उपमुख्यमंत्री पद मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। कुछ चर्चाओं के अनुसार, पार्टी से दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का भी प्रस्ताव विचाराधीन है। इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष पद भी जेडीयू के पास जा सकता है।
अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। स्थिति की समीक्षा जारी है और आगे की प्रक्रिया पार्टी हाईकमान के निर्देशों के अनुसार तय की जाएगी।

Share: