मुंबई

वसई में जमीन मापन के लंबित मामलों पर जनसुनवाई, सैकड़ों फाइलों को मिला नया शेड्यूल |

संवाददाता: साहिल यादव | वसई
वसई पश्चिम तहसील कार्यालय में जमीन मापन से संबंधित लंबित प्रकरणों को लेकर आयोजित विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने इस पहल का नेतृत्व किया और नागरिकों की शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का मौका दिया।
कार्यक्रम के दौरान करीब 70 से 80 आवेदकों ने अपने-अपने मामले प्रस्तुत किए। उपअधीक्षक भूमि अभिलेख अमोल बदडे के साथ विधायक ने प्रत्येक मामले की समीक्षा की और अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।


प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल के अंत तक कुल 475 मामले लंबित थे। इनमें से 228 मामलों को मई के अंत तक और 151 मामलों को 15 जून तक निपटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कई आवेदकों को मौके पर ही जमीन माप के लिए तिथि निर्धारित करते हुए नोटिस भी सौंपे गए।
विधायक ने प्रशासन को निर्देश दिए कि कार्यवाही पूरी तरह पारदर्शी, संवेदनशील और निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न की जाए। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने आवश्यक दस्तावेज लेकर तहसील कार्यालय से संपर्क करें, ताकि उनकी प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
इस जनसुनवाई पहल से स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और लंबित मामलों के निस्तारण में गति आई है।

Sahil Yadav

Senior Journalist & Chief Editor covering breaking national and international news stories.