---Advertisement---

मई दिवस: पटना में ट्रेड यूनियनों का संयुक्त मार्च, लेबर कोड रद्द करने की उठी मांग |

---Advertisement---

तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ – विनोद प्रसाद
पटना | 1 मई 2026
राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में मजदूर संगठनों ने मई दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए। पटना में ऐक्टू, ऐटक, सीटू, इंटक, एआईयूटीयूसी, यूटीसी और टीयूसीसी सहित केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने जीपीओ गोलंबर से बुद्ध स्मृति पार्क तक विरोध मार्च निकाला। मार्च के बाद बुद्ध स्मृति पार्क के समक्ष 1886 में शिकागो के अमर शहीदों को नमन करते हुए सभा आयोजित की गई।
मुख्य मांगें
श्रमिक नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकारों से निम्नलिखित मांगें रखीं:
केंद्र सरकार द्वारा लागू चार श्रम संहिताओं (4 लेबर कोड) को रद्द किया जाए।
नोएडा में गिरफ्तार मजदूरों और ट्रेड यूनियन नेताओं की अविलंब और बिना शर्त रिहाई सुनिश्चित की जाए।
ठेका प्रथा, फिक्स्ड टर्म एंप्लॉयमेंट और स्कीम आधारित नियोजन प्रथा समाप्त की जाए।
12 घंटे के कार्य दिवस संबंधी आदेश वापस लिए जाएं और 8 घंटे से अधिक काम पर दोगुने दर से ओवरटाइम मजदूरी दी जाए।


मार्च का नेतृत्व
मार्च का नेतृत्व आरएन ठाकुर, रणविजय कुमार, गजनफर नवाब, चंद्र प्रकाश सिंह, एसके शर्मा, जितेंद्र कुमार, दीपक भट्टाचार्य, शशि यादव, सरोज चौबे, सूर्यकर जितेंद्र, अनामिका कुमारी, प्रेमचंद कुमार सिन्हा, रामबली प्रसाद और मुर्तजा अली सहित अन्य ट्रेड यूनियन नेताओं ने किया।
अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम
पटना में ऐक्टू और महासंघ गोप गुट ने अपने-अपने कार्यालयों में झंडोत्तोलन कर शिकागो के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। गोप गुट कार्यालय में प्रेमचंद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी को शशि यादव, रणविजय कुमार, आरएन ठाकुर, एसके शर्मा, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार यादव और निरंजन कुमार ने संबोधित किया।
वहीं, दीघा स्थित आईटीआई परिसर में मई दिवस पर आईटीआई कर्मचारी संघ के महासचिव मनोज कुमार यादव द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। इस अवसर पर एनपीएस रद्द कर ओपीएस लागू करने और संविदा ठेका प्रथा पर रोक लगाने जैसी मांगें उठाई गईं। कार्यक्रम में शशि भूषण आर्या, प्रेमचंद कुमार सिन्हा सहित दर्जनों कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।
सुधा डेयरी और अन्य स्थानों पर प्रदर्शन
फुलवारीशरीफ स्थित सुधा डेयरी, नालंदा बिस्कुट कंपनी और इमारते सरिया से जुड़े ऐक्टू कार्यकर्ताओं ने भी मई दिवस पर मार्च निकालकर अपनी लंबित मांगों को लेकर नारेबाजी की। सुधा डेयरी मुख्य गेट पर आयोजित कार्यक्रम को एमएलसी शशि यादव और रणविजय कुमार ने संबोधित किया। मजदूरों ने 10 माह से लंबित 9 सूत्री मांगों पर वार्ता, ओवरटाइम भुगतान, छुट्टी की सुविधा, पहचान पत्र और खलासी कर्मियों को अर्ध-कुशल श्रेणी में मजदूरी देने की मांग उठाई।
राज्यव्यापी आयोजन
ऐक्टू राष्ट्रीय सचिव रणविजय कुमार ने बताया कि संगठन और उससे जुड़े यूनियनों ने राज्य के लगभग सभी जिलों में मई दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए। आशा, आंगनबाड़ी और विद्यालय रसोइया संगठनों से जुड़े स्कीम कर्मियों ने सरकारी कर्मी का दर्जा, स्थायी नियुक्ति, न्यूनतम मानदेय 10 हजार रुपये, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन जैसी मांगों को लेकर अपने-अपने कार्यस्थलों पर प्रदर्शन किया।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh