मुंबई

विरार: वसई-विरार महानगरपालिका में महिला-बाल कल्याण और स्वास्थ्य समिति के पदाधिकारियों का चुनाव संपन्न |

तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक संवाददाता: साहिल यादव

विरार: वसई-विरार शहर महानगरपालिका में महिला व बाल कल्याण समिति और स्वास्थ्य समिति के सभापति एवं उप-सभापति पदों के लिए विशेष बैठक का आयोजन शुक्रवार 8 मई 2026 को महानगरपालिका मुख्यालय स्थित सभागृह में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद पालघर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पीठासीन अधिकारी मनोज रानडे ने की।

बैठक के दौरान महिला व बाल कल्याण समिति के सभापति पद पर श्रीमती बिना माइकल फुट्यार्डो को बहुमत के साथ चुना गया, जबकि उप-सभापति पद की जिम्मेदारी श्रीमती सुवर्णा अजित पाटील को सौंपी गई। वहीं स्वास्थ्य समिति के सभापति पद पर श्री निलेश दामोदर देशमुख तथा उप-सभापति पद पर श्री निशाद अरुण चोरघे का चयन किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे, नगर सचिव विश्वनाथ तळेकर समेत समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे। चुनाव प्रक्रिया के तहत सभी उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच की गई और उन्हें वैध घोषित किया गया। निर्धारित समय तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन वापस नहीं लिया, जिसके बाद मतदान कराया गया।

मतदान में महिला व बाल कल्याण समिति के सभापति पद पर बिना फुट्यार्डो को 9 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी सान्वी संजोग यंदे को 5 वोट प्राप्त हुए। उप-सभापति पद के लिए सुवर्णा पाटील को 9 मत और मीरा निकम को 5 मत मिले।

इसी तरह स्वास्थ्य समिति के सभापति पद के लिए निलेश देशमुख को 9 मत प्राप्त हुए, जबकि डॉ. योगिता गवळी-करंजकर को 6 वोट मिले। उप-सभापति पद के चुनाव में निशाद चोरघे को 9 मत और जितेश राऊत को 6 मत प्राप्त हुए।

मतगणना के बाद पीठासीन अधिकारी ने सभी विजयी उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा की। बैठक के अंत में अधिकारियों एवं सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया।

Sahil Yadav

Senior Journalist & Chief Editor covering breaking national and international news stories.