वसई-विरार शहर महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में पानी की पर्याप्त आपूर्ति की जा रही है। मनपा को सूर्या परियोजना के विभिन्न चरणों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में जल उपलब्ध हो रहा है, जिससे नागरिकों तक नियमित जल वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
मनपा अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान समय में शहर को कुल लगभग 380 एमएलडी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें सूर्या योजना के चरण-1 और 3 से मिलने वाला जल तथा मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण की जलापूर्ति परियोजना से प्राप्त पानी शामिल है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई जल वितरण कर्मचारी अतिरिक्त या नियमित पानी देने के नाम पर पैसों की मांग करता है, तो इसकी जानकारी तुरंत संबंधित प्रभाग समिति कार्यालय या जल आपूर्ति विभाग, मुख्यालय विरार (पश्चिम) को दें।
महानगरपालिका ने भरोसा दिलाया है कि शिकायत मिलने पर संबंधित मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: साहिल यादव