---Advertisement---

मुरादाबाद में त्यौहारों से पूर्व प्रशासनिक गश्त और पीस कमेटी बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन के दिए गए निर्देश |

---Advertisement---

मुरादाबाद, तृप्ति प्रमाण न्यूज़ पोर्टल

जनपद मुरादाबाद में आगामी त्यौहारों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दृष्टिगत सोमवार, दिनांक 25 मई 2026 को जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने संयुक्त रूप से थाना नागफनी एवं थाना कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट, इम्पीरियल चौराहा, जिला कचहरी, टाउनहाल एवं बुध बाजार सहित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया गया।

गश्त के दौरान अधिकारियों द्वारा बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिलाधिकारी नगर एवं सिविल डिफेंस के अधिकारीगण उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

पीस कमेटी बैठक में शांति व्यवस्था पर चर्चा

इसी क्रम में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पंचायत भवन सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने की।

जिलाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति ऐसा कृत्य न करे जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था प्रभावित हो, अन्यथा प्रशासन द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति का हवाला देते हुए सभी से त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया।

डॉ. पैंसिया ने यह भी निर्देशित किया कि त्यौहारों के दौरान कोई भी नई परंपरा शुरू करने का प्रयास न किया जाए और केवल परंपरागत व्यवस्थाओं का ही पालन सुनिश्चित किया जाए।
पशु कुर्बानी को लेकर जारी किए गए स्पष्ट निर्देश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कुर्बानी किसी भी स्थिति में खुले स्थान पर न की जाए और कुर्बानी के बाद अवशेष भी खुले में न फेंके जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में अनुमति योग्य नहीं होगी। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में धर्मनिरपेक्ष माहौल बनाए रखने, सामुदायिक सौहार्द को सुदृढ़ करने एवं त्यौहारों के दौरान यातायात प्रबंधन पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

रिपोर्ट: शरद शर्मा, ब्यूरो चीफ मुरादाबाद तृप्ति प्रमाण न्यूज़ पोर्टल

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh