बरेली से संवाददाता लादेन मंसूरी
फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में बदायूं बाईपास रोड निर्माण के चलते किसानों की आवाजी का रास्ता बंद होने और मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। शनिवार (30 मई) को ग्राम रसूला चौधरी में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले आयोजित विशाल किसान महापंचायत में सैकड़ों किसानों ने अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी।
किसानों की आवाज बने चौधरी अरुण सिंह राठी
रसूला चौधरी, माधोपुर और रुकुमपुर सहित कई गांवों के किसानों का कहना है कि बाईपास निर्माण के कारण उनके खेतों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता अवरुद्ध हो गया है। जब प्रशासन किसानों की समस्याओं को अनसुना कर रहा था, तब भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रदेश सचिव चौधरी अरुण सिंह राठी ने किसानों के संघर्ष को अपनी जिम्मेदारी माना और जमीनी स्तर पर उनकी लड़ाई का नेतृत्व संभाला।
महापंचायत में मौजूद ग्रामीणों ने चौधरी अरुण सिंह राठी के साहसिक नेतृत्व की सराहना की। किसानों का कहना था कि अरुण जी हमेशा किसानों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहते हैं और आज एक बार फिर उन्होंने साबित कर दिया कि वे किसानों की बुलंद आवाज हैं।
“यह अस्तित्व की लड़ाई है”: चौधरी अरुण सिंह राठी
महापंचायत को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव चौधरी अरुण सिंह राठी ने कहा, “रसूला चौधरी और आसपास के गांवों के किसानों की सैकड़ों बीघा खेती-बाड़ी इस बाईपास के कारण प्रभावित हो रही है। रास्ता बंद करके किसानों को उनके ही खेतों से महरूम नहीं किया जा सकता। यह किसानों के अस्तित्व की लड़ाई है और हम इसे आखिरी दम तक लड़ेंगे।”
48 घंटे का अल्टीमेटम, बड़े आंदोलन की चेतावनी
चौधरी अरुण सिंह राठी और जिला अध्यक्ष तेजपाल गंगवार ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 1 से 2 दिनों के भीतर बदायूं बाईपास रोड का काम नहीं रोका गया और अंडरपास की मांग पूरी नहीं हुई, तो वे स्वयं काम रुकवाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंडरपास और उचित मुआवजे के लिए अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उनके इस आक्रामक रुख ने प्रशासनिक अमले में हलचल मचा दी।
नायब तहसीलदार पहुंचे मौके पर, सौंपा गया ज्ञापन
किसानों के भारी आक्रोश और चौधरी अरुण सिंह राठी के दृढ़ रुख को देखते हुए सदर बरेली के नायब तहसीलदार विदित दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारी किसानों और नेताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। प्रदेश सचिव चौधरी अरुण सिंह राठी और जिला अध्यक्ष तेजपाल गंगवार ने नायब तहसीलदार को बदायूं बाईपास पर अंडरपास निर्माण और मुआवजे संबंधी मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। नायब तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र सकारात्मक समाधान किया जाएगा।
महापंचायत में मौजूद रहे प्रमुख नेता
इस मौके पर संगठन के पदाधिकारियों और क्षेत्र के किसानों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। महापंचायत में मुख्य रूप से उपस्थित रहे:
सहीर उद्दीन (फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक अध्यक्ष)
जाकिरुद्दीन (ब्लॉक प्रभारी)
दानिश अकतर (जिला मीडिया प्रभारी)
राकेश राठौर (जिला मंत्री)
डॉ. मुदित प्रताप सिंह (फतेहगंज पश्चिमी नगर अध्यक्ष)
मनजीत सिंह, कृष्ण चंद्र शर्मा, भूरेलाल, जगदीश पाल, अरविंद गंगवार, तेजपाल राठौर, याकूब उर्फ बबलू
पूर्व प्रधान पूतन खां, जफर मोहम्मद, सरदार नानक सिंह, महेंद्र पाल, सरदार सज्जन सिंह, सरदार गुरदेव सिंह, रामू, छेदा लाल, नोनी राम, मलखान, सरदार विशाल सिंह, दिनेश चौधरी, नेत्रपाल और रामचंद्र सहित सैकड़ों ग्रामीण व किसान।