ठाणे। सावरकर नगर क्षेत्र की म्हाडा कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक पर खेलते हुए बच्चों को अपने साथ ले जाने का प्रयास करने का आरोप लगा। यह घटना साईप्रसाद सोसायटी और शांतिदूत सोसायटी परिसर की बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सावरकर नगर में संदिग्ध गतिविधि
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ बच्चे सोसायटी परिसर में खेल रहे थे, तभी एक संदिग्ध युवक वहां पहुंचा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक ने दो से तीन बच्चों को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के रहवासी मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया।
आरोपी को पुलिस के हवाले किया
रहवासियों ने आरोपी युवक को वर्तक नगर पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और युवक से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है।
अभिभावकों से सतर्कता की अपील
इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें अकेले न छोड़ें। वहीं, रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।