सेफ्टी टैंक से बरामद हुआ कंकाल:
नालासोपारा: अचोले पुलिस थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस जांच के दौरान पता चला कि रवि बिड़लान नाम के एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है और उसका शव एक सेफ्टी टैंक में फेंक दिया गया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सेफ्टी टैंक से रवि बिड़लान का कंकाल बरामद कर लिया है।
मृतक के खिलाफ थे कई गंभीर मामले:
पुलिस के अनुसार, रवि बिड़लान नालासोपारा पूर्व के आचोले डोंगरी इलाके का रहने वाला था। वह स्थानीय स्तर पर अपनी आपराधिक गतिविधियों के कारण चर्चित था। उसके खिलाफ चोरी, हत्या के प्रयास, विनयभंग और हफ्ता वसूली जैसे कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज थे। पुलिस ने उसे पहले भी कई बार गिरफ्तार किया था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तड़ीपार की कार्रवाई भी की थी।
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी, जांच जारी:
इस हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल अचोले पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि हत्या के पीछे क्या कारण थे, आरोपियों का मृतक के साथ क्या संबंध था और इस पूरी साजिश में कौन-कौन शामिल है। जांच जारी है और पुलिस जल्द ही मामले का विस्तृत खुलासा करेगी।