पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विश्व पर्यावरण दिवस के विशेष अवसर पर वृक्षारोपण कर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने जे.पी. गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना के तहत एक लाख पौधारोपण अभियान को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा, उन्होंने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा निकाली गई जन-जागरूकता वाहनों की टुकड़ी को भी रवाना किया।
माँ के नाम पर लगाएँ पेड़
प्रकृति के संरक्षण और हरित बिहार के लक्ष्य को लेकर मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत स्वयं पौधारोपण किया। इस मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सभी अपनी माँ के नाम पर कम से कम एक पेड़ जरूर लगाएँ।
पर्यावरण संरक्षण है सामूहिक जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पर्यावरण को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक पेड़ लगाकर ही हम पर्यावरणीय संतुलन बनाए रख सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित कर सकते हैं। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और स्वच्छ वातावरण बनाने में अहम योगदान देने वाले पर्यावरण प्रेमियों और संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।
जे.पी. गंगा पथ पर लगेगा एक लाख पौधा
मुख्यमंत्री ने जे.पी. गंगा पथ पर एक लाख पौधारोपण का विशेष लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने इस अभियान में आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया ताकि शहरी क्षेत्रों में हरियाली को बढ़ावा मिल सके।
सौर ऊर्जा की दिशा में तेज कदम
हरित और सतत विकास की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। राज्य में सौर ऊर्जा आधारित बिजली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए घर-घर सोलर ऊर्जा प्रणालियां स्थापित करने के काम को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है, जिससे प्रदूणन में कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।