---Advertisement---

लालू-राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा वापस, तेजस्वी यादव की सुरक्षा व्यवस्था बरकरार |

---Advertisement---

पटना। बिहार सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। राज्य सरकार के नए आदेश के अनुसार, दोनों नेताओं की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गई है। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें विशेष सुरक्षा समूह के तहत सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

लालू-राबड़ी को मिलेगी नई सुरक्षा व्यवस्था

नई व्यवस्था के तहत लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को हाउस गार्ड के रूप में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के दो से आठ जवान तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा, पटना जिला बल के दो बॉडीगार्ड, बुलेटप्रूफ वाहन, एचक्यूआरटी पायलट और एस्कॉर्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। राबड़ी देवी की सुरक्षा में सादे लिबास में एक महिला अंगरक्षक की भी तैनाती की जाएगी।

तेजस्वी यादव की सुरक्षा में नहीं हुआ कोई बदलाव

पुलिस मुख्यालय में राज्य सुरक्षा समिति की बैठक के बाद जारी आदेश में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें पहले की तरह वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी। इसमें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के चार जवान, पटना जिला बल के छह बॉडीगार्ड, वाहन और एस्कॉर्ट पार्टी की सुविधा यथावत रहेगी।

तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में कटौती

वहीं, तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में कटौती की गई है। अब तक उन्हें ‘ए’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी, लेकिन नए आदेश के बाद यह सुरक्षा वापस लेते हुए उन्हें केवल एक अंगरक्षक तैनात किया गया है। परिवार के अन्य सदस्यों जैसे मीसा भारती और राजश्री यादव को पहले की तरह सुरक्षा मिलती रहेगी।

सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर फैसला

सुरक्षा में इस बदलाव को लेकर विपक्ष सरकार पर सवाल उठा रहा है। जबकि प्रशासनिक पक्ष का कहना है कि यह फैसला सुरक्षा एजेंसियों की समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। सरकार के इस फैसले के बाद बिहार की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh