मुंबई (तृप्ति प्रमाण)। मुंबई पुलिस ने शहर में कानून व्यवस्था और नागरिक सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। पुलिस ने आज से डीसीपी पूर्व परिमंडल-02 और डीसीपी उत्तर परिमंडल-01 के दो नए कार्यालयों को कार्यान्वित कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इन नए कार्यालयों का मुख्य उद्देश्य जनसेवा को सुदृढ़ करना, पुलिस इकाइयों के बीच तालमेल बढ़ाना और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग को मजबूत बनाना है।
किन इलाकों पर होगी नई नजर
डीसीपी पूर्व परिमंडल-02 के अंतर्गत अब नेहरू नगर, चुनाभट्टी, वी.बी. नगर, घाटकोपर, पंतनगर और टिलक नगर पुलिस स्टेशन शामिल किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, असल्फा पुलिस स्टेशन को भी जल्द ही इसी परिमंडल के तहत पूर्ण रूप से शामिल कर लिया जाएगा।
इसी तरह, डीसीपी उत्तर परिमंडल-01 के अंतर्गत वर्सोवा, आंबोली, ओशिवरा, बांगुर नगर, गोरेगांव और मालाड पुलिस स्टेशन शामिल किए गए हैं।
नागरिकों को क्या मिलेगा फायदा
मुंबई पुलिस का कहना है कि इन नए कार्यालयों के शुरू होने से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता में इजाफा होगा। शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और लोगों को अधिक सुलभ तरीके से पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी। पुलिस प्रशासन के इस कदम को जनहित और नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम फैसला माना जा रहा है।