विरार। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक तृप्ति प्रमाण। विरार पूर्व में एक निर्माणाधीन इमारत पर काम कर रहे एक मजदूर की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद विरार पुलिस ने बिल्डर और कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे।
चौथी मंजिल पर रंगाई का काम कर रहा था मजदूर
जानकारी के अनुसार, यह घटना 7 जून, रविवार की शाम करीब 5 बजे कारगिल नगर, मनवेलपाड़ा स्थित पूजा अपार्टमेंट में घटी। मृतक की पहचान नुरसेव आलम शेखशाबुद्दीन हक (46 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मुंबई के बांद्रा पश्चिम का रहने वाला था। वह इमारत की चौथी मंजिल के बाहरी हिस्से में रंगाई का काम कर रहा था।
सुरक्षा उपकरणों की थी कमी
आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट, पीपीई किट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण मजदूरों को नहीं दिए गए थे। इसके अलावा, इमारत के नीचे सुरक्षा जाल भी नहीं लगाया गया था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुरक्षा उपायों की अनदेखी और उचित निगरानी के अभाव में यह हादसा पेश आया।
भाई की शिकायत पर मामला दर्ज
मृतक के छोटे भाई नजमुल शेखशाबुद्दीन हक (42 वर्ष) की शिकायत पर विरार पुलिस स्टेशन में गुन्हा क्रमांक 348/2026 दर्ज किया गया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 114 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने पूजा अपार्टमेंट परियोजना से जुड़े बिल्डर और कॉन्ट्रैक्टर को आरोपी बनाया है।
जांच जारी, गिरफ्तारी बाकी
पुलिस के अनुसार, फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अनिल मस्के कर रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं की समीक्षा कर रही है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।