मुंबई, 9 जून। महाराष्ट्र के पालघर जिले अंतर्गत आने वाले वसई-विरार शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे से उनके सरकारी आवास ‘नंदनवन’ में मुलाकात की। इस दौरान शहर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर दोनों नेताओं के बीच गहन विचार-विमर्श हुआ। विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने शहर में नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और विभिन्न विकास परियोजनाओं को तेज़ गति से पूरा करने की मांग उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
बढ़ती आबादी को ध्यान में रखकर योजनाओं पर जोर
वसई-विरार क्षेत्र की तेज़ी से बढ़ती आबादी को देखते हुए विधायक ने आवश्यक विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया। बैठक में नागरिकों को आ रही दैनिक समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु शासन स्तर पर ठोस कदम उठाने पर भी सहमति बनी।
सरकार से सकारात्मक सहयोग की उम्मीद
मुलाकात के बाद विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने बताया कि वसई-विरार के विकास से जुड़े सभी मुद्दों पर सरकार से सकारात्मक प्रतिसाद मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।
संवाददाता : साहिल यादव
तृप्ति प्रमाण : राष्ट्रीय हिंदी