मुंबई: महाराष्ट्र में माथाडी मंडल और सुरक्षा रक्षक मंडलों में निकाली गई भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को राहत मिली है। ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा करते समय कई अभ्यर्थियों को तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, संबंधित विभाग ने शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि में इजाफा कर दिया है।
किन पदों पर हो रही है भर्ती?
13 मई 2026 को जारी किए गए विज्ञापन के मुताबिक, राज्य के 22 माथाडी मंडलों और 12 सुरक्षा रक्षक मंडलों में कुल मिलाकर निरीक्षक, लेखापाल और लघुटंकलेखक के पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरा जाएगा।
शुल्क भुगतान की नई तारीख
भर्ती प्रक्रिया समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जिन उम्मीदवारों ने 11 जून 2026 की रात 11:55 बजे तक अपना आवेदन फॉर्म सफलतापूर्वक जमा कर दिया है, वे अब 18 जून 2026 की रात 11:55 बजे तक परीक्षा शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। विभाग ने तकनीकी बाधाओं को दूर करने और उम्मीदवारों की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया है।
अधिक जानकारी कहां से लें?
सह आयुक्त श्रम एवं माथाडी भर्ती समिति के सदस्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि यह समय सीमा में वृद्धि केवल और केवल शुल्क भुगतान के लिए लागू होगी। आवेदन प्रक्रिया और भर्ती से जुड़ी अन्य सभी जानकारियों के लिए उम्मीदवार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट mahakamgar.maharashtra.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।