वसई | तृप्ति प्रमाण
वसई गांव स्थित डीएम पेटीट अस्पताल में दो वरिष्ठ लिपिकों के पिछले दो दशकों से एक ही स्थान पर तैनात होने का मामला चर्चा में है। जानकारी के अनुसार, अनंत सालवी और जया भाठी वर्ष 2005 से इस अस्पताल में कार्यरत हैं। सरकारी नियमों के अनुसार विभागों में नियमित तबादले की व्यवस्था होती है, लेकिन इतने लंबे समय तक एक ही जगह बने रहना कई सवाल खड़े कर रहा है।
नियमों और कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि विभाग में तबादला नीति लागू है, तो दो दशकों से एक ही स्थान पर तैनाती के पीछे का कारण स्पष्ट होना चाहिए। पारदर्शिता के लिहाज से इस मामले में जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
वैद्यकीय विभाग का क्या है कहना
इस संबंध में वैद्यकीय विभाग की अधिकारी डॉ. भक्ति चौधरी से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि दोनों कर्मचारी स्थायी हैं और अप्रैल माह में इनके स्थानांतरण की प्रक्रिया प्रस्तावित थी, लेकिन किसी कारणवश यह पूरी नहीं हो सकी। उनका कहना है कि तबादले का निर्णय लेने का अधिकार स्थापना विभाग के पास है।
स्थापना विभाग ने दी जल्द कार्रवाई की बात
मामले में स्पष्टता के लिए मनपा स्थापना विभाग के उपायुक्त अजीत मुठे से संपर्क किया गया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों कर्मचारियों के स्थानांतरण का प्रस्ताव विभाग को प्राप्त हो चुका है और आगे की प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी।