---Advertisement---

विरार में FDA कार्रवाई के डर से सड़क पर फेंकी गई एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री |

---Advertisement---

विरार। विरार पश्चिम के आगाशी रोड क्षेत्र में बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और फफूंदी लगे नूडल्स सड़क किनारे फेंके जाने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) द्वारा वसई-विरार क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे सघन अभियान के बीच यह मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सड़क पर बिखरे सैकड़ों पैकेट

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे सैकड़ों बटर पैकेट, दिसंबर 2025 में एक्सपायर हो चुकी खाद्य सामग्री, फफूंदी लगे नूडल्स तथा अन्य खाद्य उत्पाद खुले में पड़े मिले। नागरिकों का कहना है कि ऐसी सामग्री यदि किसी व्यक्ति या पशु के संपर्क में आ जाए तो गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

FDA कार्रवाई के डर से फेंकी गई सामग्री

सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में FDA द्वारा क्षेत्र के कई होटलों, गोदामों और खाद्य सामग्री विक्रेताओं पर छापेमारी कार्रवाई की गई है। इसके बाद व्यापारियों में हड़कंप का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि संभावित कार्रवाई से बचने के लिए ही खराब और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को चोरी-छिपे सड़क किनारे फेंका गया है।

पशुओं और पर्यावरण के लिए खतरा

नागरिकों ने चिंता व्यक्त की है कि खुले में पड़ी यह खाद्य सामग्री गाय, भैंस, कुत्तों तथा अन्य आवारा पशुओं द्वारा खाई जा सकती है, जिससे उनकी जान को खतरा हो सकता है। साथ ही इससे पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। स्थानीय रहवासियों ने वसई-विरार महानगरपालिका, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा संबंधित विभागों से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

छोटे खाद्य विक्रेताओं पर भी जांच की मांग

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता राजन सिंह ने FDA की कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा की जा रही पहल सराहनीय है, लेकिन कार्रवाई केवल बड़े प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सड़कों के किनारे बिना स्वच्छता मानकों के संचालित होने वाले छोटे खाद्य स्टॉल, टपरी, सैंडविच, वड़ा पाव और अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वाले विक्रेताओं की भी नियमित जांच की जाए।

राजन सिंह ने कहा कि FDA द्वारा चलाया जा रहा अभियान जनहित में है और इसका स्वागत किया जाना चाहिए। लेकिन आम नागरिकों की सेहत को ध्यान में रखते हुए बड़े प्रतिष्ठानों के साथ-साथ छोटे खाद्य विक्रेताओं की भी नियमित जांच होनी चाहिए। खाद्य सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh