---Advertisement---

नालासोपारा में फर्जी डॉक्टर का पर्दाफाश: मनपा के छापे में अवैध क्लिनिक सील, भारी मात्रा में दवाइयां जब्त |

---Advertisement---

नालासोपारा (तृप्ति प्रमाण): वसई विरार शहर मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने नालासोपारा पूर्व के पेल्हार क्षेत्र में बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक अनुमति के संचालित हो रहे एक अवैध क्लिनिक पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग ने एक कथित डॉक्टर के खिलाफ पेल्हार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने क्लिनिक से बड़ी मात्रा में दवाइयां, इंजेक्शन और मेडिकल उपकरण जब्त किए हैं।

बिना पंजीकरण के दी जा रही थी एलोपैथिक दवाएं

पुलिस के अनुसार, यह छापेमारी 20 जून, रविवार को आशा दवाखाना, इच्छापूर्ति चाल, पेल्हार पाडा, वार्ड क्रमांक-1, पेल्हार नालासोपारा पूर्व में की गई। जांच के दौरान पाया गया कि क्लिनिक संचालक अखिलेश कुमार नन्हेलाल गुप्ता (35) बिना किसी शासकीय अनुमति और वैध चिकित्सा पंजीकरण के एलोपैथिक चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहा था।

मनपा अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

यह कार्रवाई शिकायतकर्ता डॉ. वंदना प्रल्हाद वसईकर, वैद्यकीय अधिकारी वसई विरार शहर मनपा (प्राथमिक आरोग्य केंद्र, पेल्हार) की शिकायत पर की गई। छापे के दौरान पुलिस ने ब्लड प्रेशर मशीन, ग्लूकोमीटर, थर्मामीटर, स्टेथोस्कोप सहित विभिन्न चिकित्सा उपकरण, बड़ी संख्या में दवाइयां और इंजेक्शन बरामद किए। इसके अलावा कुछ शैक्षणिक दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई

पेल्हार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) तथा औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 की धारा 33, 33(बी) और 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा बिना वैधानिक अनुमति चिकित्सा व्यवसाय संचालित करने और मरीजों को उपचार देने के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh