पटना। तृप्ति प्रमाण न्यूज़ (ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बेगूसराय और भोजपुर की हालिया घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बेगूसराय सदर अस्पताल में गैंगरेप पीड़िता से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने प्रशासन और सरकार की कानून-व्यवस्था व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
बेगूसराय घटना को लेकर सरकार पर निशाना
तेजस्वी यादव ने बेगूसराय में महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि राज्य में कानून का डर खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री वातानुकूलित कमरों में बैठकर बड़े दावे तो कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से विफल साबित हो रहा है।
भोजपुर में भरत तिवारी की मौत का उठाया मुद्दा
बेगूसराय के बाद तेजस्वी यादव ने भोजपुर में भरत तिवारी की मौत का मामला उठाया। विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि भरत तिवारी गरीबों के अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे थे, जिसके चलते प्रशासन ने उनका फर्जी एनकाउंटर किया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ने का ऐलान
तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि विपक्ष इन घटनाओं पर मूकदर्शक नहीं बना रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि न्याय की मांग को लेकर उनकी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। वहीं, सत्ता पक्ष का कहना है कि अपराध और एनकाउंटर दोनों ही मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। इन मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति गरमाने के आसार हैं।