---Advertisement---

पटना मेट्रो के विस्तारित रूट और मलाही पकड़ी स्टेशन का लोकार्पण, मुख्यमंत्री ने स्वयं लिया मेट्रो का आनंद |

---Advertisement---

पटना। राजधानी पटना के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो के प्राथमिकता कॉरिडोर के विस्तारित हिस्से और नए मलाही पकड़ी स्टेशन का आधिकारिक लोकार्पण कर दिया है। इस विस्तार के बाद प्राथमिक कॉरिडोर पर कुल 5 स्टेशन (न्यू आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी) पूरी तरह से चालू हो गए हैं, जिससे शहर के एक बड़े हिस्से में यात्रा करना बेहद आसान और तेज हो गया है।

मुख्यमंत्री की आम नागरिक की तरह मेट्रो यात्रा

लोकार्पण समारोह के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं मेट्रो में यात्रा की। उन्होंने एक आम नागरिक की तरह टिकट खरीदी और गेट पास के जरिए मैग्नेटिक गेट से प्लेटफॉर्म में प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने मलाही पकड़ी से भूतनाथ तक का लगभग 3 किलोमीटर का सफर महज 5 मिनट में पूरा किया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव एवं विजय कुमार चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

रूट, स्पीड और किराए की पूरी जानकारी

इस नए विस्तार के साथ आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक कुल 6.2 किलोमीटर का एलिवेटेड ट्रैक यात्रियों के लिए खुल गया है। कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी की मंजूरी के बाद मेट्रो की रफ्तार बढ़ाकर 35 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। गति बढ़ने के कारण अब मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी (बैरिया) तक का सफर महज 16 मिनट में पूरा हो जाएगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आईएसबीटी से मलाही पकड़ी रूट का अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। यात्रियों को मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और आईएसबीटी स्टेशनों पर चढ़ने-उतरने की पूर्ण सुविधा उपलब्ध रहेगी। मेट्रो की फ्रीक्वेंसी हर 35 मिनट पर रखी गई है।

शहर के ट्रैफिक को मिलेगी बड़ी राहत

पटना मेट्रो के इस विस्तार से विशेष रूप से कंकड़बाग से बस स्टैंड जाने वाले यात्रियों को भारी राहत मिलेगी। शहर के अंदर मेट्रो परिचालन शुरू होने से सड़कों पर ट्रैफिक की समस्या में कमी आएगी और लाखों नागरिकों का समय बचेगा। यह प्रोजेक्ट पटना को आधुनिक परिवहन सुविधा से लैस करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh