जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) व अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जौनपुर के निर्देशन में जिला पुलिस ने पारिवारिक सौहार्द की एक अनूठी मिसाल पेश की है। महिला सशक्तिकरण और टूटते परिवारों को बचाने के उद्देश्य से 7 जुलाई 2026 को जनपद जौनपुर में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष मुहिम के तहत मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से घरेलू विवादों, प्रताड़ना और आपसी मनमुटाव को दूर कर महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल तैयार करने का प्रयास किया गया।
अनुभवी काउंसिलरों की मेहनत लाई रंग, कड़वाहट भूलकर गले मिले परिवार
इस सम्मेलन के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की टीम और अनुभवी काउंसिलरों ने सराहनीय भूमिका निभाई। टीम ने पारिवारिक विवादों और गहरे मतभेदों से जूझ रहे कई जोड़ों और उनके परिजनों के साथ मैराथन काउंसलिंग की। काउंसिलरों की सकारात्मक मध्यस्थता और समझाइश का ही नतीजा रहा कि सालों की कड़वाहट पल भर में दूर हो गई। तीन अलग-अलग परिवार अपने पुराने सभी मनमुटाव और मुकदमों को भुलाकर फिर से एक साथ प्रेमपूर्वक रहने के लिए सहर्ष तैयार हो गए।
महिला थाने से हंसते-मुस्कुराते विदा हुए जोड़े
सहमति बनने के बाद प्रभारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की मौजूदगी में समस्त पुलिस टीम और दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने नव-दंपत्तियों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद बेहद भावुक और खुशनुमा माहौल में तीनों परिवारों की विदाई कराई गई। जौनपुर पुलिस प्रशासन ने इन परिवारों को उपहार और मिठाई देकर उनके सुखद एवं उज्जवल भविष्य की कामना की। पुलिस की इस संवेदनशील पहल की पूरे जिले में जमकर सराहना हो रही है।