---Advertisement---

🚨 जौनपुर में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: मरीज मिलते ही घर पहुंची टीम, जिले में आंकड़ा पहुंचा 5 के पार; सीएमओ ने दी हिदायत |

---Advertisement---

जौनपुर (ब्यूरो चीफ दिलीप कुमार): जनपद में डेंगू के पैर पसारते ही स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह हरकत में आ गया है। लाइन बाजार क्षेत्र में नया डेंगू रोगी मिलते ही जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई टीम मरीज के घर और आसपास के इलाके में पहुंची। टीम ने प्रभावित क्षेत्र में व्यापक स्तर पर फीवर सर्वे, डेंगू की तत्काल जांच, मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की पहचान और जमा पानी में एंटी-लार्वा दवाइयों का छिड़काव किया। इसके साथ ही घर-घर जाकर पंपलेट बांटे गए और पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया गया।

जिले में अब तक 5 मामले, मादा एडीज मच्छर से बचें

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से लेकर अब तक जौनपुर जिले में डेंगू के कुल 5 मरीज पाए जा चुके हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि डेंगू रोग मादा ‘एडीज’ मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर मुख्य रूप से रुके हुए साफ पानी में पनपता है और सुबह तथा शाम के समय सबसे ज्यादा हमलावर होता है। डॉक्टरों के मुताबिक तेज बुखार, बदन व जोड़ों में असहनीय दर्द, उल्टी, प्लेटलेट्स में गिरावट और शरीर से खून आने जैसे लक्षण दिखते ही तुरंत सरकारी अस्पताल का रुख करना चाहिए।

झोलाछाप डॉक्टरों से बचें, सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज: सीएमओ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. गंगाराम गौतम ने जौनपुरवासियों से अपील की है कि डेंगू का कोई भी लक्षण सामने आने पर खुद से दवा न लें और न ही किसी अप्रशिक्षित या झोलाछाप डॉक्टर के चक्कर में पड़ें। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल, स्वशासी मेडिकल कॉलेज, CHC और PHC पर डेंगू की निःशुल्क जांच, दवाएं, प्लेटलेट्स और आइसोलेशन वार्ड की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध है।

‘हर रविवार मच्छर पर वार, लार्वा पर प्रहार’

जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने नागरिकों से अपने घरों और आसपास सफाई रखने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी कि कूलर, गमलों और पुरानी टंकियों का पानी हर हफ्ते बदलें, पूरी बांह के कपड़े पहनें और रात में मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। उन्होंने “हर रविवार मच्छर पर वार, लार्वा पर प्रहार” अभियान से जुड़कर हर हफ्ते अपने घरों में जमा पानी को हटाने का आह्वान किया ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों को पनपने से रोका जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh