न्यूज़ पोर्टल नाम: तृप्ति प्रमाण
ब्यूरो रिपोर्ट: जौनपुर से ब्यूरो चीफ दिलीप कुमार
हत्यारोपी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में गुरुवार को प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। जिला एवं तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने मामले के नामजद आरोपी भोले राजभर के जपटापुर स्थित पक्के मकान को बुलडोजर से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण
जपटापुर में हुई इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। तहसील प्रशासन की देखरेख में बुलडोजर गरजना शुरू हुआ और देर शाम तक मकान को गिराने का काम जारी रहा। प्रशासन ने साफ़ कर दिया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत आगे भी ऐसी सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
पीड़ित बहन की मांग पर प्रशासन का एक्शन
गौरतलब है कि हत्याकांड के बाद से ही मृतक आजाद बिंद की बहन सौम्या बिंद लगातार आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठा रही थीं। परिजनों के भारी आक्रोश और न्याय की पुकार के बीच गुरुवार को जिला प्रशासन ने यह कठोर कदम उठाया, जिससे पीड़िता के परिवार को न्याय की एक नई उम्मीद मिली है।