वसई (तृप्ति प्रमाण ब्यूरो): वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) सीमा के भीतर कचरा उठाने और उसके निपटान का काम देख रहे नए ठेकेदारों की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि नए ठेकेदारों द्वारा कचरा ढुलाई के लिए मुंबई महानगरपालिका (BMC) की पुरानी और कबाड़ हो चुकी गाड़ियो का इस्तेमाल किया जा रहा है। म्हाडा मैदान में खड़ी इन गाड़ियों पर बीएमसी की छाप और लोगो साफ़ देखा जा सकता है, जिससे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
वसई-विरार क्षेत्र से रोजाना लगभग 1,000 से 1,200 मीट्रिक टन कचरा एकत्र किया जाता है। स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए महानगरपालिका ने हाल ही में पुराने ठेके निरस्त कर मेसर्स अमृत इंटरप्राइजेज, मेसर्स आर एंड बी इंफ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और मेसर्स क्रिस्टल इंटीग्रेटेड सर्विसेज लिमिटेड को कचरा प्रबंधन की नई जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, कार्यभार संभालते ही ठेकेदार विवादों में घिर गए हैं।
दुर्घटना और सेवा बाधित होने की आशंका
स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ठेकेदार इन पुरानी और जर्जर गाड़ियों पर केवल नया रंग-रोगन करके उन्हें इस्तेमाल में लाने की फिराक में हैं। अगर इन खटारा वाहनों को सड़कों पर उतारा गया, तो कचरा परिवहन ठप्प होने के साथ-साथ सड़कों पर हादसों का जोखिम भी काफी बढ़ जाएगा।
प्रशासन की सख्त चेतावनी और कारण बताओ नोटिस
जनप्रतिनिधियों के कड़े विरोध के बाद वीवीएमसी के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने तीनों संबंधित एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस थमाते हुए इन गाड़ियों को तुरंत क्षेत्र से बाहर करने और विस्तृत जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
“हमने ठेकेदारों से सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र और तकनीकी जांच की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। जब तक हर वाहन का वैध फिटनेस सर्टिफिकेट जमा नहीं होता, तब तक किसी भी गाड़ी को कचरा ढुलाई की अनुमति नहीं मिलेगी।” — जितेंद्र नाईक, सहायक आयुक्त (ठोस कचरा प्रबंधन विभाग)
दो हफ्ते बाद भी नहीं हटे वाहन, नागरिकों में रोष
नोटिस जारी होने के 14 दिन बीत जाने के बावजूद ये संदिग्ध वाहन अब भी म्हाडा ग्राउंड में ही खड़े हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि प्रशासन के निर्देशों के बाद भी ज़मीनी स्तर पर ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। अब देखना होगा कि महानगरपालिका इन ठेकेदारों पर आगे क्या दंडात्मक कार्रवाई करती है।