रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण (नालासोपारा)
दस्तावेज़ अधूरे होने पर न घबराएं नागरिक, समय पर फॉर्म जमा करना अनिवार्य
नालासोपारा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर नालासोपारा में नागरिकों को जागरूक करने की पहल की गई है। बहुजन विकास आघाड़ी की नगरसेविका एवं महिला बालकल्याण समिति की सदस्य कु. प्रदीपिका अतुल सिंह ने एक विशेष जागरूकता संदेश जारी कर सभी पात्र मतदाताओं से समय पर SIR फॉर्म जमा करने का आग्रह किया है।
2002 के दस्तावेज़ न होने पर भी जमा करें फॉर्म
पोस्टर अभियान और संदेश के माध्यम से उन नागरिकों को आश्वस्त किया गया है, जिन्होंने SIR फॉर्म तो ले लिया है, लेकिन वर्ष 2002 से जुड़े आवश्यक कागजात न होने के कारण उसे जमा नहीं कर पा रहे हैं। जनप्रतिनिधि ने कहा है कि नागरिक किसी भी तरह से परेशान न हों, प्रक्रिया पूरी करने में उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर फॉर्म जमा न करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है।
आधार कार्ड साथ लाने की अपील, लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान
नागरिकों से अपील की गई है कि वे फॉर्म जमा करते समय अपना पहचान पत्र साथ रखें। “आपका वोट, आपकी आवाज़, आपका भविष्य” का संदेश देते हुए बहुजन विकास आघाड़ी ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में होना बेहद जरूरी है। संगठन ने सभी निवासियों से इस प्रक्रिया को गंभीरता से लेने और समय सीमा से पहले अपना फॉर्म जमा करने का अनुरोध किया है।