रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण (मुंबई)
लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे के सामाजिक और सांस्कृतिक विचारों को मिलेगा नया आयाम
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। बृहन्मुंबई झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (SRA) द्वारा निर्मित किए जा रहे ‘साहित्यरत्न लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे संशोधन एवं प्रशिक्षण संस्थान’ का भव्य भूमिपूजन समारोह संपन्न हुआ। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों हुआ।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस राजकीय कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले, विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर, राज्य के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, आशीष शेलार, संजय शिरसाट, सांसद संजय पाटील, विधायक अमीत साटम और मुंबई की महापौर रितू तावड़े समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अनुसंधान और प्रेरणा का प्रमुख केंद्र बनेगा यह संस्थान
प्रस्तावित संस्थान की स्थापना का मुख्य ध्येय लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे के क्रांतिकारी साहित्य, सामाजिक दर्शन और सांस्कृतिक विरासत को सहेजना तथा उस पर गहन शोध व प्रशिक्षण को बढ़ावा देना है। भूमिपूजन के साथ ही परियोजना की आधारशिला की पट्टी का अनावरण भी किया गया। राज्य सरकार ने इस पहल को सामाजिक समरसता की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह केंद्र युवाओं और शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत साबित होगा।