पालघर में अतिवृष्टि और महाराष्ट्र में शोक की स्थिति के चलते लिया गया निर्णय
बोईसर/नालासोपारा। (सं.) शिवसेना के बोईसर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विलास तरे का जन्मदिन 19 सितंबर को है। हालांकि, इस वर्ष पार्टी की ओर से उनका जन्मदिन समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। इसकी जानकारी पालघर शिवसेना जिलाध्यक्ष वसंत चव्हाण ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

जिलाध्यक्ष के अनुसार, हर वर्ष विधायक विलास तरे के जन्मदिन पर शिवसेना पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की ओर से सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कार्यकर्ता और समर्थक भी कार्यालय पहुंचकर विधायक से सदिच्छा भेंट करते हैं। लेकिन इस वर्ष पालघर जिले में हुई अतिवृष्टि और महाराष्ट्र में शोक की स्थिति को देखते हुए जन्मदिन समारोह नहीं मनाने का निर्णय लिया गया है।
समाजकारण को प्राथमिकता
वसंत चव्हाण ने कहा कि पार्टी की विचारधारा में जनता के सुख-दुख में सहभागी होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे, धर्मवीर आनंद दिघे और पार्टी के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे के ‘80 प्रतिशत समाजकारण और 20 प्रतिशत राजकारण’ के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में समाज और जनता के साथ खड़ा रहना प्राथमिकता है।
इसी के मद्देनजर 19 सितंबर को विधायक विलास तरे के जन्मदिन पर किसी तरह का समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष वसंत चव्हाण ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से इस निर्णय का पालन करने की अपील की है।




