जौनपुर (तृप्ति प्रमाण ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र स्थित बजहा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि दिन में हुए मामूली विवाद के बाद रंजिश रखते हुए देर रात हमलावरों ने घर में घुसकर सो रहे परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में दो महिलाओं और एक 14 वर्षीय किशोर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
दिन में भैंस बांधने को लेकर हुआ था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, गत 29 जुलाई की सुबह रास्ते के विवाद, दरवाजे पर भैंस बांधने और नाद रखने की बात को लेकर अवनीश यादव और बनवारी यादव के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बनवारी यादव लोहे की रॉड लेकर हमलावर हो गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और दोनों को चोटें आईं।
मामले में बनवारी यादव की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए महाराजगंज पुलिस ने अवनीश यादव का धारा 151 के तहत चालान कर दिया था। शाम को जमानत मिलने के बाद अवनीश अपने घर वापस लौट आए थे।
आधी रात को घर में घुसकर जानलेवा हमला
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जमानत से लौटते ही बदले की नीयत से उसी रात लगभग 2 बजे बनवारी यादव के बेटे राहुल यादव, विवेक यादव तथा 4-5 अन्य अज्ञात साथियों ने घर में घुसकर हमला बोल दिया। हमलावरों ने सो रही महिलाओं और 14 साल के किशोर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। शोर सुनकर बचाने पहुंचे अवनीश यादव पर भी जानलेवा हमला किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायलों का इलाज जारी, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच-पड़ताल शुरू की। घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, पीड़ितों का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
रिपोर्टर: दिलीप कुमार (ब्यूरो चीफ, जौनपुर)
न्यूज पोर्टल: तृप्ति प्रमाण