वसई (तृप्ति प्रमाण ब्यूरो)। वसई-विरार शहर महानगरपालिका प्रशासन की कार्रवाई से परेशान फेरीवालों ने अब सड़कों पर उतरकर बड़ा मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। नालासोपारा सब्जी मंडी क्षेत्र में आयोजित ‘फेरीवाला बचाव संघर्ष समिति’ की एक अहम बैठक में आगामी 5 अगस्त को मनपा मुख्यालय के खिलाफ आर-पार का निर्णायक आंदोलन करने की घोषणा की गई। समिति ने क्षेत्र के सभी रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं से एकजुट होकर इस प्रदर्शन में शामिल होने की पुरजोर अपील की है।
फेरीवाला कानून लागू करने में मनपा की ढिलाई से रोष
बैठक को संबोधित करते हुए समिति की अध्यक्ष रूपाली पवार और सचिव कॉमरेड शेरू वाघ ने मनपा की नीतियों पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि मनपा की लगातार हो रही जब्ती और कार्रवाई की वजह से हजारों गरीब परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा पारित ‘स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण एवं सड़क विक्रय विनियमन) अधिनियम-2014’ के स्पष्ट प्रावधानों के बावजूद महानगरपालिका प्रशासन नियम-विरुद्ध तरीके से छोटे व्यापारियों को प्रताड़ित कर रहा है।
आश्वासनों से नहीं चलेगा काम, कानून का क्रियान्वयन जरूरी
आंदोलन के बिगुल से पहले संघर्ष समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर तथा उपमहापौर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखी थीं। हालांकि, मनपा अधिकारियों से मिले मौखिक आश्वासन को खारिज करते हुए समिति के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि अब कागजी आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। जब तक 2014 के फेरीवाला कानून को जमीनी स्तर पर पूरी तरह लागू नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष विराम नहीं लेगा।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्रीराज घोणे, संजना सिंह, इमरान सिद्दीकी समेत कई अन्य प्रमुख प्रतिनिधि एवं भारी संख्या में स्थानीय विक्रेता उपस्थित रहे। समिति ने चेतावनी दी है कि मांगे पूरी न होने की स्थिति में 5 अगस्त से विभिन्न स्थानीय बाजारों में व्यापक जन-जागरण अभियान चलाकर विरोध प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा।
न्यूज portal: तृप्ति प्रमाण