मुरादाबाद:
थाना कांठ क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत माघपुरी में उस समय मातम छा गया, जब एक सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम पंचायत माघपुरी निवासी संजीव कुमार (35) पुत्र खेमचंद शुक्रवार की रात अपने तहेरे-चचेरे भाई राजू (25) पुत्र गिरवर तथा आकाश (27) निवासी ग्राम मातपुर (थाना छजलैट) को अपनी बाइक से उनके गांव छोड़ने जा रहे थे। बताया जाता है कि तीनों लोग गांव से कुछ दूरी पर हरिद्वार हाईवे पर पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में संजीव कुमार (35) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि राजू (25) और आकाश (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को दी गई।
अस्पताल में उपचार
सूचना मिलते ही थाना कांठ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए मुरादाबाद जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतक संजीव कुमार के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई है तथा उनका उपचार जारी है। लोगों ने बताया कि संजीव कुमार मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके चार छोटे बच्चे हैं, जिनकी परवरिश की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं और मृतक के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।
स्थानीय प्रशासन की भूमिका
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरिद्वार हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने, तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल थाना कांठ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना करने वाली कार और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।