पालघर। जिले में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश और भयंकर बाढ़ की त्रासदी झेलने वाले नागरिकों को आर्थिक संबल देने के लिए प्रशासन ने मदद की प्रक्रिया तेज कर दी है। महाराष्ट्र सरकार के राहत एवं पुनर्वास विभाग की ओर से प्रभावित आम परिवारों, व्यापारियों, छोटे दुकानदारों और टपरी संचालकों के लिए कुल 39 करोड़ 86 लाख रुपये की भारी-भरकम सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
परिवारों और दुकानदारों के लिए अलग-अलग बजट तय
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल स्वीकृत धनराशि में से लगभग ₹29.87 करोड़ सीधे तौर पर बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए आवंटित किए गए हैं। वहीं, अतिवृष्टि के कारण कारोबार ठप्प होने वाले छोटे दुकानदारों और टपरीधारकों की आर्थिक भरपाई के लिए ₹9.99 करोड़ की विशेष व्यवस्था की गई है।
15 हजार से अधिक लाभार्थियों को बांटे गए ₹22.77 करोड़
अब तक जिले भर के 15,190 प्रभावितों के बैंक खातों या डायरेक्ट रिलीफ के जरिए ₹22.77 करोड़ की राशि पहुँच चुकी है। तालुकावार वितरण का विवरण इस प्रकार है:
- डहाणू: 5,321 लाभार्थियों को ₹7.98 करोड़
- वसई: 5,000 लाभार्थियों को ₹7.50 करोड़
- पालघर: 3,255 लाभार्थियों को ₹4.88 करोड़
- तलासरी: 1,550 लाभार्थियों को ₹2.32 करोड़
- वाडा: 64 लाभार्थियों को ₹8.28 लाख
7,707 अन्य प्रभावितों की जांच और कागजी प्रक्रिया जारी
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अभी भी करीब 7,707 प्रभावित लाभार्थियों को सहायता पहुँचाना शेष है। उनके दस्तावेजों और पात्रता की सघन जांच की जा रही है। सत्यापन पूरा होते ही शेष राशि भी तुरंत ट्रांसफर कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, दुकानदारों व टपरी संचालकों को दी जाने वाली ₹9.99 करोड़ की राहत का वितरण भी जरूरी कागजी जांच के तुरंत बाद कर दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि सभी पात्र लाभार्थियों का तेजी और पारदर्शिता के साथ सत्यापन कर तय समयसीमा के भीतर आर्थिक सहायता पहुँचाना सुनिश्चित किया जाए।
(रिपोर्ट: साहिल यादव, न्यूज़ पोर्टल: तृप्ति प्रमाण)